चंडीगढ़, Haryana Weather Update | भले ही रुक- रुक कर बरसात हो रही हो या तेज हवाएं चल रही हों, हरियाणा वासियों को भीषण गर्मी से छुटकारा मिल ही नहीं पाया है. बारिश और तेज हवाओं के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. वर्तमान में प्रदेश का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा 29 और 30 मई को 2 दिन तक सभी जिलों में बरसात की संभावना जताई गई है.
31 मई और 1 जून को प्रदेश के 16 जिलों में बरसात होने के आसार जताए गए हैं. ऐसा माना जा रहा है कि इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
31 मई तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
इस विषय में जानकारी देते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में आमतौर पर 31 मई तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, जिस कारण बीच में हल्के बादल छाने के भी आसार हैं. 29 और 30 मई के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हवाओं में गरज- चमक के साथ कहीं- कहीं बूंदाबांदी और हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है. इस कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन रात का तापमान इज़ाफा दर्ज करवा सकता है.
इन जिलों में होगी बरसात
IMD चंडीगढ़ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 29 मई को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद और सिरसा में 25 से 50% तक बरसात के आसार बने हुए हैं. हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल और यमुनानगर में 25% तक बरसात हो सकती है. अगले दिन 30 मई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल और यमुनानगर में 50 से 75%, जबकि जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत में 25 से 50% और सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 25% तक बरसात के आसार हैं.
31 मई को भी होगी बारिश
अगले दिन 31 मई को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 25 से 50% तक बरसात होने की संभावना है. वहीं झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 25% तक बरसात होने की संभावना बनी हुई है.
