हिसार, Haryana Mausam | हरियाणा में बीते 5 दिन बरसात और आंधी के बाद आज मौसम फिर से गड़बड़ाता नजर आया. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस बार मानसून अपने नियमित समय पर प्रवेश करेगा. आमतौर पर मानसून 28 जून से शुरू होकर 3 जुलाई तक पूरे प्रदेश में फैल जाता है. पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून का असर दिखाई देना शुरू हो चुका है, लेकिन वर्तमान में हरियाणा में इसके पहले प्रवेश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है.

मानसून 3 दिशा पर करेगी एंट्री
इस विषय में जानकारी देते हुए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि समय से पहले मानसून आने की अटकलों के विपरीत, फिलहाल इसके अपने निर्धारित समय पर आने के ही आसार हैं. राज्य में मानसून 3 अलग- अलग दिशाओं दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड से प्रवेश कर सकता है. यह पूरी तरह हवा की दिशा पर निर्भर करेगा कि वह कहां से दाखिल होगा.
इस बार सामान्य से बेहतर रहेगा मानसून
विभाग का मानना है कि इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रह सकता है. इस बार की प्री मानसून बरसात ने पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. मई के महीने में हुई बरसात ने पिछले 17 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह प्री मानसून गतिविधियां आने वाले मुख्य मानसून के लिए अच्छे संकेत दे रही हैं. अगर पिछले साल 2024 की बात करें तो उस दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम दर्ज किया गया था. राज्य में मानसून की अवधि जून से सितंबर तक मानी जाती है. सामान्य रूप से इस दौरान राज्य में 430.7 एमएम बारिश होती है, लेकिन वर्ष 2024 में यह आंकड़ा घटकर 409.4 एमएम तक ही पहुंच पाया था.