हिसार | हरियाणा के इन 3 जिलों में बरसात और तूफान का अलर्ट जारी है. 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. प्रदेश में मौसम (Haryana Weather) अठखेलियां करता नजर आ रहा है. एक समय ऐसा होता है, जब भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ जाता है. वहीं, दूसरी तरफ अचानक से मौसम करवट ले लेता है. तेज हवा, आंधी या बरसात होने लगती है. कल शुक्रवार को भी देर शाम राज्य के 14 जिलों में बरसात के साथ आंधी चली. हिसार के बरवाला में बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई. इसके बावजूद, प्रदेश का अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया.
सबसे गर्म स्थान हिसार का बालसमंद रहा. यहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. फरीदाबाद का तापमान सबसे ज्यादा 1.1 डिग्री की गिरावट के साथ 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
3 जिलों में येलो अलर्ट
इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज भी बदलाव का अनुमान जताया गया. विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर में बरसात और आंधी की संभावना बनी हुई है. यहां येलो अलर्ट जारी हुआ है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार बताए गए हैं. इसके अलावा, सभी जिलों में हवाओं के साथ बादल छाने की संभावना बनी हुई हैं. दूसरी तरफ, कल शुक्रवार को हुई बरसात और आंधी के चलते कई जगह पेड़ गिरने, फसलों के राख होने, सड़क दुर्घटना होने की घटनाएं भी सामने आई हैं.
कल ऐसा रहा मौसम
जींद में आंधी के कारण 100 पेड़ गिर गए, जिससे 10 गांव में बिजली की सप्लाई प्रभावित हो गई. कल प्रदेश के अंबाला जिले में 38 डिग्री, हिसार 43.5 डिग्री, करनाल 37 डिग्री, रोहतक 42 डिग्री, चरखी दादरी 41.4 डिग्री, फरीदाबाद 40.9 डिग्री, गुरुग्राम 39.1 डिग्री, जींद 40.1 डिग्री, महेंद्रगढ़ 42.5°, सोनीपत 38 डिग्री, मेवात 40.1 डिग्री और रेवाड़ी का 41.4 डिग्री तापमान रिकार्ड किया है.
