चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है. कभी तेज धूप खिल जाती है तो कभी आसमान बादलों से ढका नजर आता है. कभी सूरज देवता अपनी प्रचंड किरणों से लोगों के माथे पर पसीना ला देते हैं. कुछ समय बाद ही तेज हवाओं के साथ बरसात शुरू हो जाती है. कभी तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच जाता है, तो कभी पारा 37 से 38 डिग्री के बीच हिचकोले खाता नजर आता है. शनिवार को भी राज्य के 9 जिलों में जमकर बरसात हुई. इस बरसात ने मई महीने का पिछले 17 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
अबकी बार पूरे महीने में 59.7 मिलीमीटर बरसात देखने को मिली है. 17 साल पहले 2008 में मई के महीने में 68 मिलीमीटर बरसात देखने को मिली थी. मौसम विभाग का कहना है कि आज रविवार को भी 20 जिलों में बरसात के आसार बने हुए हैं. मौसम विभाग द्वारा आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक और झज्जर में बरसात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश से प्रभावित हुआ जनजीवन
शनिवार को हिसार, महेंद्रगढ़, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, चरखी दादरी और अंबाला जिलों में बरसात के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. इस दौरान कुछ जगह बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई. अग्रोहा में पेड़ सड़कों पर गिरने से रास्ते जाम हो गए. बरसात होने के बावजूद अधिकतम तापमान में उछाल देखने को मिला है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2 जून की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. यह 4 जून तक अपना प्रभाव दिखाएगा. इस दौरान झमाझम बरसात देखने को मिल सकती है. राज्य में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हुई थी, लेकिन इसका भी कुछ खास असर नहीं देखा जा रहा है. इस पूरे ही महीने में गर्मी अपना ज्यादा प्रभाव नहीं दिखा पाई.
