नई दिल्ली | बीते कुछ दिनों से दिल्ली- NCR में आंधी, तूफान और बरसात का सिलसिला लगातार बना हुआ है. लोगों को इससे भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन परेशानियों में कमी की बजाय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. कई जगहों पर बिजली के खंभे गिरने या दुर्घटनाएं होने की जानकारी सामने आ रही है. आज भी मौसम विभाग ने दिल्ली में तेज आंधी और बरसात का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली- एनसीआर में बादलों का आना- जाना जारी रहेगा और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है.
राजधानी में उमस से लोग बेहाल
बीते कुछ दिनों से राजधानी के मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. लोगों को अभी भी उमस का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में यदि बारिश होती है, तो लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है. आज नोएडा और गाजियाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें देखने को मिलेंगी. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं.
आज यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है. दिल्ली में भी आज तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका जताई गई है. कल शनिवार को आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की भी संभावना बनी हुई है.
हरियाणा में 45 पार पहुंचा पारा
राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. आंधी- तूफान के बावजूद भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. बीते सप्ताह प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. इसके बाद हुई बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है. स्थिति यह है कि कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, आज हरियाणा के 6 जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं, जहां भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. जींद, रोहतक, झज्जर और रेवाड़ी में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में आंधी- तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. इस दौरान धूल भरी तेज आंधी चलने के आसार भी हैं.
