नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित NCR के इलाके में मई के महीने में तापमान लगातार उतार- चढ़ाव दिखा रहा है. मौसम में इतनी ज्यादा ठंड महसूस हो रही है कि तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. अब से पहले शायद ही ऐसा मौसम देखने को मिला हो. बीते 125 सालों में यह पहला मौका है जब मई में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है.
2 दिन पहले हुई बरसात का असर अभी तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में देखा जा रहा है. यहां ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी है.
मौसम विभाग ने बदला अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बीते 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था. मौसम में बदलाव को देखते हुए इसे येलो अलर्ट में बदल दिया गया. हालांकि, इसका भी कुछ खास असर देखने को नहीं मिला. 24 घंटे के दौरान दिल्ली- NCR के इलाकों में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, लेकिन कहीं भी भारी बरसात नहीं हुई.
5 जून तक रुक- रुक कर बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने जानकारी दी है कि आने वाले 5 दिनों में दिल्ली- NCR में रुक- रुक कर बरसात होने के आसार हैं. आज से तापमान में फिर से बढ़ोतरी का दौर शुरू होगा और यह 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 5 जून तक लगातार नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम में बरसात की संभावना बनी हुई है. इस दौरान बादल छाने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है.
