चंडीगढ़, Haryana Mausam | हरियाणा में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. कल 26 दिसंबर की रात से शुरू हुई बूंदाबांदी अभी भी जारी है. कई जिलों में आज सुबह से ही बरसात जारी है. मौसम विभाग द्वारा आज 27 दिसंबर को तेज हवाओं के साथ बरसात के आसार बताए हैं, इस दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने का भी अनुमान बताया गया है.
इन 12 जिलों में होगी बरसात
विभाग द्वारा अगले 3 घंटे के लिए प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना बनी हुई है. प्रदेश के 12 जिलों सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात में भारी बरसात की संभावना बताई गई है. यहाँ बाकी जिलों के मुकाबला 50 से 75% तक बरसात की संभावना बनी हुई है.
आज कई जगह सुबह 3 बजे से ही बरसात शुरू हो गई और अभी भी बरसात के साथ शीतलहर चल रही है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है. हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, पानीपत और सोनीपत में बरसात हो रही है.
2 दिन होगी बरसात
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज बरसात के बाद प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है. राज्य के अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी में ऑरेंज अलर्ट और पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद और जींद में येलो अलर्ट जारी किया है. आज 27 और कल 28 दिसंबर को मौसम परिवर्तनशील रहने के साथ बूंदाबांदी और हल्की बरसात की संभावना बताई है. उसके बाद, 29 से मौसम आमतौर पर शुष्क बने रहने के आसार बने हुए हैं.
