चंडीगढ़ | पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर पूरे हरियाणा में दिखाई दे रहा है. ठंड और कोहरे ने पूरे राज्य को अपने आगोश में सिमट लिया है. दिन में निकली धूप से आमजन को कुछ राहत मिली है, लेकिन अभी भी तापमान सामान्य से नीचे है. इसी कारण सुबह- शाम ठिठुरन बनी हुई है. किसानों के लिए मौसम मिला- जुला है. धूप फसलों के लिए अच्छी है, लेकिन सुबह का पाला नुकसान कर सकता है.
राज्य में हिसार शहर का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है. गुरुवार को हिसार जिले का अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम रहा है. न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा है.
हरियाणा में 13 जनवरी तक मौसम खुश्क
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 13 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है. इस दौरान उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी. वही, एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिससे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है. इसके साथ ही, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बादलवाई देखने को मिलेगी. हालांकि, हल्की बूंदाबादी की संभावना भी जताई गई है.
रात के तापमान में गिरावट
पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान सिंगल डिजिट में बना हुआ है जिससे शीतलहर और पाले की संभावना भी बढ़ गई है. वातावरण में नमी अधिक होने के कारण ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. साथ ही, उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली.
