चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने ₹2100 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है. यह राशि सीधे महिलाओं के खाते में जमा होगी. इससे महिलाऐं न केवल आर्थिक रूप से समृद्ध होंगी, बल्कि अपने परिवार को भी मुश्किल समय के दौरान सहायता प्रदान कर पाएंगी.
फरीदाबाद रैली में सीएम सैनी ने की घोषणा
बीते दिनों फरीदाबाद में एक रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को ₹2100 की राशि वितरित करनी शुरू कर दी जाएगी. जल्दी ही इस विषय में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. इस साल पेश किए गए बजट में भी इस योजना के तहत 5000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इस योजना के तहत उन महिलाओं को कवर किया जाएगा जो गरीब परिवारों से संबंध रखती हैं.
कब से मिलेगा लाभ?
हालांकि, इस सूचना का लाभ महिलाओं को कब से मिलना शुरू किया जाएगा। इस विषय में आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. लेकिन, अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर लेनी चाहिए ताकि जब भी आवेदन शुरू हो तो आपको ऐन वक़्त पर किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े.
जल्द निपटाएं ये काम
- यदि आपने प्रदेश सरकार के अंत्योदय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है तो तुरंत करवा लें.
- इस योजना का लाभ उठाने के लिए आपका नाम परिवार पहचान पत्र में दर्ज होना चाहिए. अगर ऐसा नहीं है तो इसे भी तुरंत ठीक करवा लें.
- अपने आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक करवा लें.
- यदि आपकी सालाना आय 1,80,000 से कम है तो आपको बीपीएल श्रेणी में समझा जाएगा. यदि आपका अभी तक बीपीएल कार्ड नहीं बना है तो आप जल्द बनवा लें, ताकि इस योजना का लाभ आपको मिलना शुरू हो जाए.
