नई दिल्ली । भारत में जल्द ही लड़कियों की विवाह योग्य न्यूनतम आयु को बढ़ाया जाएगा. इसके लिए जो समिति गठित की गई थी उसने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. इस रिपोर्ट में लड़कियों की शादी के लिए न्यूनतम आयु को बढ़ाने की सिफारिश की गई है.
लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु को बढ़ाने की सिफारिशें प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची
बता दें कि इस समिति ने अपनी सिफारिशें प्रधानमंत्री कार्यालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के पास भेज दी है. एक अधिकारी द्वारा बताया गया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय न्यूनतम आयु को बढ़ाने पर विचार कर रहा है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत के 74 वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार इस बारे में विचार कर रही है, कि महिलाओं की शादी के लिए न्यूनतम आयु क्या होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने बताया था कि इसके लिए अलग से एक समिति का गठन किया गया है. जब भी समिति इसकी रिपोर्ट जमा करेगी, इस पर सरकार द्वारा फैसला लिया जाएगा.
जल्द ही केंद्र सरकार द्वारा अहम फैसला लिया जाएगा
वर्तमान में महिलाओं के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है. बता दें कि पिछले साल जया जेटली की अध्यक्षता में 10 सदस्य कार्यबल का गठन किया गया था. इस कार्यबल को अपनी रिपोर्ट 31 जुलाई से पहले जमा करवानी थी. सूत्रों से पता चला है कि केंद्र सरकार इस पर अहम फैसला ले सकती है.
