फतेहाबाद | जिले के बीघड़ रोड पर पांच युवकों ने एक बाइक सवार को रुकवा कर डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. इस घटना में युवक के दोनों पैर टूट गए और वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर पूरी तरह वायरल हो चुका है. वीडियो में पिटाई करने वाले युवक दो ही नजर आ रहे हैं लेकिन इनकी संख्या 5 बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दिया है.
यह था पूरा मामला
बताया जा रहा है कि यह झगड़ा पुरानी रंजिश के चलते किया गया है. यह घटना 26 अगस्त की है. विकास नाम का एक युवक अपनी बाइक से कहीं जा रहा था. वहीं फतेहाबाद जिले के बीघड़ रोड पर पांच युवकों ने उसकी बाइक रोकी और बिना कुछ पूछे उस पर लाठी- डंडों से वार करना शुरू कर दिया. विकास बाइक से नीचे गिर गया फिर आरोपियों ने उसके पर जमकर लाठियां बरसाई जिससे उसके पैर टूट गए और बुरी तरह खून से लथपथ हो गया.
वीडियो बना कर किया वायरल
इस पूरी घटना की पास में खड़ा हुआ युवक वीडियो बनाता रहा. अब उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर पूरी तरह वायरल हो चुका है. वहीं विकास को घायल अवस्था में फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जहां से उसे गंभीर हालत होने के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है .
जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में विनोद, सुनील, अजय, सुनील और नरेश पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पूरे मामले की जांच में जुट गई है लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
