हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर, इन 3 स्टेशनों पर बनेंगे नए फुट ओवरब्रिज

फरीदाबाद | अमृत भारत योजना के तहत, देशभर में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है. रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. इसी कड़ी में यात्रियों के लिए एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में सहूलियत प्रदान करने के लिए फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज बनाए जाएंगे. पलवल रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि न्यू टाउन और बल्लभगढ़ स्टेशनों पर काम शुरू होना बाकी है.

rail line

पलवल रेलवे स्टेशन पर काम शुरू

इस समय इस खंड पर 12 से अधिक लोकल ट्रेनें आवागमन करती है, जबकि 3 दर्जन से ज्यादा ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करती है. पुराने समय में बनाए गए फुट ओवरब्रिज यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के चलते छोटे पड़ने लगे हैं. इसके चलते उत्तर रेलवे ने शहर के स्टेशनों के लिए चार नए पुल मंजूर किए हैं.

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पलवल रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि पुराने फुट ओवरब्रिज को तोड़कर उसकी जगह नया फुट ओवरब्रिज तैयार होगा और साथ ही एक नया फुट ओवरब्रिज भी तैयार किया जाएगा. नए फुट ओवरब्रिज की चौड़ाई 20 मीटर होगी.

बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर बनेगा फुट ओवरब्रिज

बता दें कि इस स्टेशन के आसपास हजारों की संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं. जहां विभिन्न स्थानों से ट्रेन से आने वाले यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ते हैं. पीक आवर्स के दौरान यह फुट ओवरब्रिज छोटा पड़ने लगा है. जल्दबाजी में न केवल ट्रेन छूटने का डर रहता है बल्कि हादसा होने का भी अंदेशा बना रहता है. ऐसे में यहां एक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा जिसे नए भवन से कनेक्ट किया जाएगा.

न्यू टाउन रेलवे स्टेशन भी लिस्ट में शामिल

न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर भी नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा. इस स्टेशन से जहां हजारों की संख्या में प्रतिदिन यात्री नौकरीपेशा करने के लिए यहां के उद्योगों में पहुंचते हैं, तो वहीं इस स्टेशन से हजारों यात्री दिल्ली समेत अन्य शहरों को नौकरी करने के लिए जाते हैं. ऐसे में यात्रियों के दबाव को देखते हुए यहां नया फुट ओवरब्रिज निर्माण करने की जरूरत हो चुकी है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.