रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रेवाड़ी विधानसभा सीट से BJP विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के प्रयासों से रेवाड़ी व धारूहेड़ा के बस स्टैंड बहुत ही जल्द धरातल पर अंतिम रूप लेंगे. सूबे की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) ने दोनों बस स्टैंड निर्माण के लिए 78.17 करोड़ रूपए की बजट राशि को मंजूरी प्रदान कर दी है.
विधायक की मेहनत लाई रंग
रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रेवाड़ी व धारूहेड़ा बस स्टैंड निर्माण का मुद्दा विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया था. रेवाड़ी में बाईपास पर बनने वाले इस बस स्टैंड निर्माण से शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी. उन्होंने बताया कि दोनों बस स्टैंड निर्माण को लेकर वो पूरी गंभीरता से जुटे हुए थे और मुख्यमंत्री ने उनकी इस मांग को पूरा कर जिले के लोगों को बड़ी सौगात दी है.
जल्द जारी होगा टेंडर
बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि उनकी मांग पर सीएम नायब सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने रेवाड़ी बस स्टैंड निर्माण के लिए 65.32 करोड़ और धारूहेड़ा बस स्टैंड निर्माण के लिए 12.85 करोड़ रूपए का बजट आवंटित किया है. उन्होंने बताया कि रेवाड़ी बस स्टैंड निर्माण से शहर को जाम की समस्या से निजात मिलेगी. दोनों बस स्टैंड निर्माण के लिए टेंडर कभी भी जारी हो सकता है.
शहर की बदलेगी तस्वीर
लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी जिले को विकास के मामले में अग्रिम पंक्ति में खड़ा करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है. प्रदेश सरकार सूबे का चौतरफा विकास करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है. अब वो निरंतर नए विकास कार्यों की बदौलत रेवाड़ी शहर की तस्वीर बदलने की मुहिम में लगे हुए हैं.
