दूसरों के घरों में काम करके उठाया अकेडमी का खर्चा, अब हरियाणा की रीतू करेगी देश की रक्षा

फतेहाबाद | शायद ही आज ऐसा कोई क्षेत्र हो, जिसमें महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी उपस्थिति दर्ज न करवा रही हो. आज बेटियां देश की सीमाओं पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाती भी नजर आ रही हैं. इसी क्रम में हरियाणा के फतेहाबाद के भूना के चंदन नगर की रीतू भी देश सेवा करती नज़र आएंगी. बता दें कि रितु का चयन असम राइफल्स 2024 भर्ती के लिए हुआ है.

Ritu Fatehabad

कुश्ती, जूडो, कराटे और एथलीट में भी दिखा चुकी है दम

इससे पहले रितु कुश्ती, जूडो, कराटे और एथलीट में भी अपना दम ख़म दिखा चुकी हैं और कई मैडल भी झटक चुकी है. साल 2017 में हुई राज्य स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. उसके बाद, 2019 में मध्य प्रदेश में आयोजित हुई कुश्ती नेशनल चैंपियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर अपने राज्य का नाम रोशन किया था.

दूसरों के घरों में करना पड़ा काम

रितु ने पढ़ाई के दिनों में काफी संघर्ष किया, यहाँ तक कि उनके पिता अपनी बेटी को उच्च शिक्षा भी प्रदान न करवा पा रहे थे. ऐसे में मां संतोष देवी के साथ मिलकर रितु ने दूसरों के घरों में काम करने की ठानी और भूना के ही हनुमान अखाड़ा से रितु ने कुश्ती की कोचिंग लेनी शुरू कर दी.

असम राइफल्स 2024 भर्ती में हुआ चयन

बीते 27 अक्टूबर को रितु ने असम राइफल्स 2024 भर्ती के लिए आवेदन किया था, जिसमें लिखित परीक्षा को पास करने के बाद 6 दिसंबर को असम के नागालैंड में शारीरिक परीक्षा में भी उन्होंने सफलता प्राप्त की. अब 7 दिसंबर को शारीरिक शिक्षा का अंतिम परिणाम घोषित हुआ, जिसमें रितु ने सफलता पाई. इस पर सारा परिवार अब खुशी से झूम उठा और खुद रितु भी काफी उत्साहित नजर आ रही है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts