हरियाणा सरकार ने कोसली हल्के को दी 6 परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं

रेवाड़ी | हरियाणा में लगातार तीसरी बार BJP की सरकार बनाने पर सूबे की जनता का आभार व्यक्त करने मुख्यमंत्री नायब सैनी बुधवार को रेवाड़ी जिले की कोसली विधानसभा क्षेत्र पहुंचे. रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता सेनानी व शिक्षाविद पंडित मदनमोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का जन्मदिन है. उनका जन्मदिन हम आज सुशासन दिवस के रूप में मना रहे हैं. सीएम ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने में दक्षिण हरियाणा का विशेष तौर पर योगदान रहा है.

Nayab Singh Saini

उनके साथ केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री आरती राव, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव समेत कई अन्य पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.

इन परियोजनाओं का उद्घाटन

सीएम नायब सिंह सैनी ने कोसली विधानसभा क्षेत्र में 23 करोड़ रुपए की कुल 6 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें गांव बोहका में 33 kV सब- स्टेशन, धवाना से मंडोला सड़क और बोहतवास अहीर में PHC तथा लिलोध में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के भवन का उद्घाटन किया गया है. इसी प्रकार, गूगोड से तुम्बाहेड़ी तक और मूस्सेपुर से हालूहेड़ा सम्पर्क सड़क का शिलान्यास किया गया है.

कोसली विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण के लिए 15 करोड़ रुपए, कोसली के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रूपए और स्कूलों के सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रूपए देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की.

मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं

कोसली विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक अनिल यादव की ओर से सीएम के सामने हल्के के विकास कार्यों के लिए मांगपत्र रखा गया. जिसमें से मुख्यमंत्री द्वारा डहीना खण्ड को मानदंड पूरे होने पर उपमंडल का दर्जा देने, गांव नठेड़ा और सुर्खपुर में पंचायती जमीन उपलब्ध होने पर सब- हेल्थ सेंटर का निर्माण और गांव गुडियानी तथा रत्नथल में जमीन उपलब्ध होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की गई है.

गांव मोतलकलां में जलघर का निर्माण करवाया जाएगा. जाटूसाना में शीघ्रता से कॉलेज का निर्माण, भूरथला डिस्ट्रीब्यूटर का जीर्णोद्धार, गांव भड़ंगी और नयागांव माइनर का पुनर्निर्माण करवाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई है. सीएम ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक- हरियाणवी एक के नारे को सार्थक करते हुए हमारी सरकार समूचे प्रदेश के विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.