यमुनानगर | हरियाणा में पुलिस विभाग की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. इसपर एक्शन लेते हुए सूबे की नायब सैनी सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने पूरी पुलिस चौकी को ही सस्पेंड कर दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएं और एसपी को जल्द से जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए.
डबल मर्डर मामला
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आदेश पर एसपी राजीव देशवाल ने कड़ा संज्ञान लेते हुए पूरी पुलिस चौकी को ही सस्पेंड कर दिया है. बता दें कि हत्या की वारदात खेड़ी लक्खा सिंह चौकी के पास हुई थी. जिस जगह बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया, वहां से पुलिस चौकी की दूरी महज 100 मीटर ही है. घटनास्थल से 100 मीटर दूर पुलिस चौकी होने के बावजूद कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा. जिसके चलते एसपी ने पूरी चौकी को ही सस्पेंड कर दिया.
एसपी राजीव देशवाल द्वारा सस्पेंड किए गए कर्मचारियों में चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, ASI जसबीर, सुरेंद्र व सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण, कांस्टेबल गुलाब, रवि और दलबीर शामिल हैं. फिलहाल एसआई शमशेर सिंह को चौकी का नया इंचार्ज नियुक्त किया गया है.
दो आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि यमुनानगर में तीन युवक जिम में वर्कआउट करने के बाद जैसे ही घर जाने के लिए अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी. इस फायरिंग में दो युवकों का निधन हो गया जबकि एक गंभीर रूप से घायल हैं. यमुनानगर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
