चंडीगढ़ | साल 2024 बीत चुका है और हम सब वर्ष 2025 में प्रवेश कर चुके हैं. हरियाणा वासियों के लिए यह नया साल कुछ खास होने वाला है. इस साल राज्य सरकार कई बड़े बदलाव करेगी, जिनका असर आम जनता पर परोक्ष या अपरोक्ष रूप से पड़ना तय है. कुछ बदलाव आपको राहत दिलाते नजर आएंगे. वहीं, कुछ बदलावों से आपको कुछ परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है. तो आइये इन बदलावों के बारे में जान लेते हैं.
होंगे ये बदलाव
सरकार में देखेंगे नए चेहरे : नए साल 2025 में सरकार में कई नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं. हाल ही में हुए चुनावों में पार्टी को जीत दिलाने वाले नेताओं को बोर्ड, निगमों के अध्यक्ष आदि की कुर्सियां सौंपी जा सकती हैं.
निकाय चुनाव : प्रदेश में नए साल में निकाय चुनावों का आयोजन करवाया जाएगा. ऐसे भी अनुमान है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में चुनावी तारीखों का ऐलान हो जाएगा.
कांग्रेस संगठन का गठन : पिछले 10 सालों से संगठन के इंतजार में बैठी कांग्रेस पार्टी को नया संगठन मिल सकता है.
नई शिक्षा नीति : नए साल में नई शिक्षा नीति प्रदेश भर में लागू हो जाएगी. प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने दावा किया कि 12 जनवरी को प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू कर दी जाएगी और राज्य में स्कूलों की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी.
CET परीक्षा : हरियाणा सरकार ने घोषणा की थी कि हर साल से CET परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा, लेकिन जब से इसकी घोषणा हुई है तब से लेकर केवल एक बार ही यह परीक्षा पूरी हो पाई है. अब दूसरी बार सरकार इस परीक्षा का आयोजन इसी साल करवाएगी.
प्रॉपर्टी होगी महंगी : नए साल में आप अगर प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं तो आपको ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है, क्योंकि नए साल से रियल एस्टेट डेवलपमेंट कॉस्ट बढ़ने से खरीदारों के लिए प्रॉपर्टी महंगी हो सकती है.
पहले हवाई अड्डे की सौगात : इस साल हरियाणा प्रदेश को अपने पहले हवाई अड्डे की सौगात मिल सकती है. इस साल अगस्त महीने से हिसार के हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू हो जाएंगी.
कर्मचारियों को मिलेंगे 5 लाख रूपए : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में कर्मचारियों के लिए मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी का लाभ दिए जाने का फैसला लिया गया है. इसके तहत ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा को 20 लाख रुपए से बढ़कर 25 लाख रुपए कर दिया गया है.
भूकंप को लेकर अलर्ट : राज्य में नए साल में भूकंप को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे अनुमान है कि जनवरी के पहले सप्ताह के दौरान भूकंप के झटके महसूस किए जा सकते हैं. भूकंप के लिहाज से प्रदेश के 13 जिले गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाडी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर के अलावा महेंद्रगढ़, पानीपत, करनाल और कुरूक्षेत्र का भी कुछ हिस्सा हाई डैमेज रिस्क जोन में शामिल है.
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव : प्रदेश में अभी तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव नहीं हो पाया है. अनुमान है कि अब जल्दी ही प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष को लेकर फैसला हो जाएगा. इस लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, गीता भुक्कल, पूर्व डिप्टी सीएम चंद्र मोहन बिश्नोई और अशोक अरोड़ा का नाम आगे चल रहा है.
