दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी, ‘प्यारी दीदी योजना’ के तहत हर महीने इतने रूपए देगी कांग्रेस

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में किसी भी वक्त विधानसभा चुनाव का बिगुल बज सकता है, जिसको देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं. सभी पार्टियां लोकलुभावन घोषणाएं कर सत्ता हासिल करने की भरसक कोशिश कर रही है. इन सबके बीच कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ा ऐलान कर दिया है.

Ladies Mahila

‘प्यारी दीदी योजना’ का ऐलान

15 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के लिए ‘प्यारी दीदी योजना’ का ऐलान किया है. इस योजना के तहत कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का वादा किया है. कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने इस योजना का ऐलान करते हुए कहा कि यदि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर महीने 2500 रूपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी.

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि महिला हित के लिए दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सरकार जरूरी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्नाटक में इसी तरह की योजना के सफल कार्यान्वयन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में इस वादे को मंजूरी दी जाएगी. कांग्रेस अन्य वादों का चरणबद्ध तरीके से अनावरण करेगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर नया नियम, अचानक लेन बदलते ही कटेगा चालान

महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता

दिल्ली कांग्रेस प्रभारी क़ाज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहली गारंटी लांच कर रही है. कर्नाटक में हमारी सरकार गृहलक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2 हजार रूपए दे रही है. कांग्रेस पार्टी ने समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए सदैव काम किया है.

कर्नाटक में सरकार बनते ही कांग्रेस पार्टी ने समाज कल्याण की योजनाओं को पहली कैबिनेट मीटिंग में तय कर लागू किया है और दिल्ली में सरकार बनने पर भी पहला कदम यही होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक इतिहास और परंपरा है, जिसकी विश्वसनीयता जनता के बीच में है और सदैव रहेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.