सिरसा | हरियाणा की एक विधानसभा सीट पर चुनावी परिणाम बदल सकता है. यहां सिरसा जिले की रानियां सीट पर EVM और बैलेट बॉक्स का दोबारा मिलान किया जाएगा. इस संबंध में कांग्रेस पार्टी के यहां से प्रत्याशी रहे सर्वमित्र कंबोज ने चुनाव आयोग में अपील दायर की थी. जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की ओर से इस अपील को स्वीकार करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है.
INLD प्रत्याशी ने दर्ज की थी जीत
कुछ महीने पहले हुएं हरियाणा विधानसभा चुनाव में रानियां विधानसभा सीट से कड़े मुकाबले में इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी (INLD) के प्रत्याशी अर्जुन चौटाला ने जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार सर्वमित्र कंबोज दूसरे स्थान पर रहें थे. दोनों के बीच हार- जीत का अंतर 4,191 वोटों का रहा था. इस सीट से पूर्व की बीजेपी सरकार में बिजली मंत्री रहें रणजीत सिंह चौटाला ने भी चुनाव लड़ा था.
कांग्रेस प्रत्याशी ने जताई थी गड़बड़ी की आंशका
कांग्रेस प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग से कुछ बूथों पर वोटों की गिनती में गड़बड़ी की आशंका जताकर EVM की दोबारा जांच करवाने की मांग की थी और इसके लिए बाकायदा निर्धारित फीस भी जमा करवाई गई है.
इस संबंध में मंगलवार को सिरसा जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 30 दिसंबर 2024 के हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर 44 नंबर विधानसभा रानियां की EVM और VVPAT के प्रोसेस को चेक और वेरिफाई किया जाएगा.
सभी को उपस्थित रहने का आदेश
नोटिस में लिखा है कि अपील करने वाले उम्मीदवार सर्वमित्र कंबोज और जीतकर विधायक बने INLD नेता अर्जुन चौटाला के साथ अन्य पार्टियों व निर्दलीय लड़े उम्मीदवार भी प्रोसेस की चेकिंग के समय मौजूद रहें. यह चेकिंग 9 जनवरी से 13 जनवरी के बीच सिरसा के ट्रैफिक पार्क के नजदीक वेयरहाउस में सुबह 10 बजे से की जाएगी.
