पंचकूला | हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी का हाल ही में नौकरियां को लेकर दिया गया एक बयान आज कल सोशल मीडिया पर वायरल चल रहा है. मुख्यमंत्री 7 जनवरी को पंचकूला में पटवारियों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में शिरकत कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने 2500 से ज्यादा नए पटवारी को नियुक्ति पत्र भी सौंपे.
इसी बीच उन्होंने अपने भतीजे को लेकर एक वाक्या सुनाते हुए कहा कि एक बार मेरा भतीजा मेरे पास नौकरी लगवाने के लिए आया और कहा कि चाचा नौकरी लगवा दो. इस पर मैंने कहा कि मेरे पास आने की जरूरत नहीं है, मेहनत करोगे तो नौकरी अपने आप ही मिल जाएगी.
नौकरी के लिए आया भतीजा
वीडियो में दिखाया गया कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मेरे भतीजे ने BA और बीएससी कर रखी है. वह मुझे नौकरी लगवाने की सिफारिश लेकर आया तो मैंने उससे कहा कि इतना खुला चल रहा है मामला. किसी को कहने की जरूरत ही नहीं. तू मेरे पास क्यों आया? तुम पेपर दो- मेहनत करो, नौकरी लग जाएगी अपने आप. एक और किस्सा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि एक बार जब मैं नारायणगढ़ से विधायक था, तब कुछ युवा इंटरव्यू की सिफारिश लेकर मेरे पास आए. तब मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि तुम्हें नौकरी जरूर मिलेगी.
CM सैनी ने पूर्व CM से जुड़ा ये किस्सा
उसके बाद मैं पर्ची लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा, तो उन्होंने कहा कि सिस्टम सुधारना है या नहीं या उसी रास्ते पर चलना है? मैंने कहा सुधारना है. तो वह बोले फिर भूल जा. भारतीय जनता पार्टी इस वीडियो को खूब प्रचारित और प्रसारित कर रही है, क्योंकि इसमें सरकार के बिना खर्ची- बिना पर्ची के नौकरियों के दिए जाने का ज़िक्र है.
