पंचकूला | हरियाणा की बात हो और खेलों का जिक्र न हो, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है. गांव के मैदान से लेकर बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच तक प्रदेश के खिलाड़ी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं. इसी बीच जापान में आयोजित प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 पदक अपने नाम किए हैं. बता दें कि जापान से वापस लौटे खिलाड़ियों का दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्वागत किया. इस दौरान खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी गई.
खेल मंत्री के मुताबिक, प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 85 पदक हासिल किए हैं. इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम 32 पदक रहे. प्रदेश के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक जीते हैं.
हरियाणा के खाते में आए 14 गोल्ड
इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे खास बात यह है कि लंबे समय की मेहनत के साथ उनके परिवार और प्रशिक्षकों का भी योगदान रहा है. खेल मंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों और कोच को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी.
तैयारियों पर बात
इसी बीच खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर प्रतियोगिता के अनुभव और आने वाले मुकाबलों की तैयारियों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, डाइट, कोचिंग और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. वहीं, गांव और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है. खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी आने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे.
