करनाल | महोगनी पेड़ फार्मिंग किसानों के लिए एक ऐसा जबरदस्त बिजेनस आइडिया है, जिसे अपनाकर किसान काफी कम समय में करोड़पति बन सकते हैं. ऐसे किसानों को सरकार की ओर से बागवानी संस्थाओं में निः शुल्क प्रशिक्षण के साथ- साथ सस्ती दरों पर पौधे और खेती से जुड़े औजार उपलब्ध कराए जाते हैं.
12- 15 साल में बन सकते हैं करोड़पति
1 एकड़ में महोगनी के 100 से अधिक पौधे लगाकर किसान 12 से 15 साल में करोड़ों की कमाई कर सकते हैं. एक बीघा में इसे लगाने की लागत 40- 50 हजार रुपये है, जबकि महोगनी का एक पेड़ बाजार में 50 हजार से लेकर 80 हजार रुपये तक बिक जाता है. इसकी लकड़ी अपनी मजबूती और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध है. इसके अलावा इसकी लकड़ी फर्नीचर, बंदूक का बट, नाव बनाने में और मेडिकल फील्ड में भी काम आती है.
काफी उपयोगी पेड़
कई बीमारियों जैसे कैंसर, मधुमेह, अस्थमा, ब्लड प्रेशर और सर्दी में भी यह पेड़ काफी फायदेमंद है. इसकी पत्तियों और बीज के तेल का उपयोग मच्छर भगाने की दवाइयों, साबुन, पेंट और कीटनाशकों में किया जाता है. इसकी देखभाल के लिए केवल समय- समय पर खरपतवार हटाने की जरूरत होती है. महोगनी का पौधा 5 साल में बीज देना शुरू करता है. एक पौधे से करीब 5 किलो बीज प्राप्त होते हैं, जो बाजार में 1000 रुपये प्रति किलो बिकते हैं. इसकी लकड़ी का मूल्य 2000 से 2500 रुपये प्रति घन फीट है.
विदेशों में भी है डिमांड
महोगनी की लकड़ी की डिमांड ठंडे देशों में लकड़ी के घरों, फर्श और दरवाजों को बनाने के लिए रहती है. इसके अलावा, बड़े होटलों और आलीशान घरों में भी इसकी लकड़ी का इस्तेमाल होता है. इस बारे में जानकारी देते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक और किसान शिव चन्द्र कौशिक ने बताया कि उन्होंने 6 एकड़ भूमि पर 3000 महोगनी के पौधे लगाए हैं. हर पौधे पर 200 रुपये का खर्च आया. ऑर्गेनिक खाद का उपयोग करके वह इनकी देखभाल कर रहे हैं.
