हरियाणा में ड्रोन पायलट बनने के लिए किसानों और युवाओं को फ्री मिलेगी ट्रेनिंग, इस तारीख तक करें आवेदन

करनाल | हरियाणा में फसल उत्पादन में बढ़ोतरी के लिए खेती में आधुनिक तकनीक के प्रचलन को बढ़ावा दिया जा रहा है. नए- नए कृषि यंत्रों का आविष्कार किया जा रहा है, जिससे खेती करना बेहद आसान होता जा रहा है. घंटों की मेहनत का काम कुछ ही मिनटों में पूरा होने लगा है. इसी कड़ी में कृषि विभाग ड्रोन से खेती करने पर काम कर रहा है.

drone

फ्री ट्रैनिंग देगी सरकार

हरियाणा सरकार भी स्मार्ट खेती को बढ़ावा देने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल पर जोर दे रही है. मौजूदा समय में नैनो यूरिया और डीएपी खाद सहित अन्य तरल दवाइयों के छिड़काव के लिए ड्रोन का इस्तेमाल होने लगा है. इससे जहां समय की बचत होती है. साथ ही, पैसे की बचत भी होती है. ड्रोन पायलट बनने के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों और युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं. इसके लिए कृषि विभाग द्वारा आवेदन मांगे गए हैं.

यहां पर करें आवेदन

जिला कृषि उपनिदेशक करनाल डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि ड्रोन पायलट बनने के लिए 20 जनवरी से 5 फरवरी तक कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में कृषि विभाग द्वारा 500 ड्रोन पायलट तैयार किए जाएंगे. इसके लिए बिल्कुल मुफ्त में ट्रैनिंग दी जाएगी. ड्रोन पायलट बनने के लिए कुछ नियम और शर्तें लागू की गई है, जिनके आधार पर ही प्रशिक्षण दिया जाएगा.

ड्रोन पायलट प्रशिक्षण के लिए नियम व शर्तें

  • ड्रोन पायलट प्रशिक्षण के लिए आवेदनकर्ता किसान या युवा की उम्र 18-30 साल के बीच होनी चाहिए. इसके लिए कृषि विभाग की तरफ से आवेदनकर्ता को 25 नम्बर दिए जायेंगे.
  • आवेदनकर्ता कक्षा 10वीं पास होना चाहिए. इसके लिए उसको 40 नंबर दिए जाएंगे.
  • इसके साथ कस्टम हायरिंग सेन्टर/ एफ.पी.ओ. का अगर उसके पास अनुभव है तो अतिरिक्त 10 अंक का लाभ मिलेगा.
  • कृषि कार्य में अनुभव के लिये भी 4 कैटेगरी भी बनाई गई है, जिसमें कुल 25 नम्बर रखे गये है.
  • आवेदनकर्ता के पास परिवार पहचान पत्र आईडी और वैध पासपोर्ट अनिवार्य रूप से होना चाहिए.

रोजगार के नए अवसर होंगे पैदा

ड्रोन पायलट प्रशिक्षण हासिल करने के बाद युवा खुद का काम शुरू कर अपने लिए रोजगार स्थापित कर सकता है. उप कृषि निदेशक ने बताया कि ड्रोन को एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है, जिसका भविष्य में कृषि के क्षेत्र में काफी स्कोप होने वाला है. इससे खेती में समय के साथ- साथ पैसे की बचत भी होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.