करनाल | हरियाणा के करनाल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कुंजपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय मोहित खेतों में घूमने निकला था, जहां वह बिजली की लटकी हुई तारों की चपेट में आ गया. उसे गंभीर हालत में कुंजपुरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस को दी गई सूचना
डाक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने पर परिजन मोहित के शव को घर ले आए. यहां परिजन उसके शव के पास बैठकर विलाप कर रहें थे, तो उन्हें लगा कि उसकी सांसें चल रही है. परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए. यहां चेकअप के बाद डाक्टरों ने मोहित को दोबारा मृत घोषित कर दिया. फिर मामले की सूचना पुलिस को दी गई. परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.
3 बहनों का था इकलौता भाई
मृतक मोहित तीन बहनों का इकलौता भाई था. एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी. उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती हैं. मोहित ही अपने परिवार का पालन- पोषण कर रहा था. उसकी मौत के बाद मां, पत्नी और बहनों का रो- रोकर बुरा हाल बना हुआ है. परिवार के लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं.
कुंजपुरा थाना प्रभारी सुल्तान सिंह ने बताया कि करंट लगने से मोहित की मौत हुई है. परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
