यमुनानगर | हरियाणा के अंबाला छावनी में साइकिल ट्रैक, चारदीवारी, स्ट्रीट लाइट और कैपिटल चौक पर पार्क एवं फव्वारों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत की. इस दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने घोषणा की कि यमुनानगर में 800 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने की सभी रुकावटें दूर हो चुकी हैं.
इस बारे में उन्होंने हाल ही में पर्यावरण मंत्री से चर्चा की थी और उम्मीद जताई कि उनकी चिट्ठी प्राप्त हो चुकी होगी. उन्होंने कहा यदि आज हमें उनकी चिट्ठी मिल जाती है, तो हम आज ही एजेंसी को काम शुरू करने की अनुमति दे देंगे.
बिजली सरचार्ज को लेकर दिया जवाब
बिजली की दरों में बढ़ोतरी को लेकर उठ रहे सवालों पर बोलते हुए विज ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार का नया बिजली सरचार्ज नहीं लगाया गया है, जो सरचार्ज पिछले साल लागू था, उसे ही जारी रखा गया है और इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. जब उनसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा बिजली दरों और पावर प्लांट को लेकर दिए गए बयान पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “यह लोग चिट्ठी पढ़ते नहीं हैं, वह पिछले साल की चिट्ठी थी. जो सरचार्ज पहले से था, वही जारी रहेगा.”
बड़ोली मामले पर दी प्रतिक्रिया
उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “लेकिन यह (विपक्ष) तो बयान बहादुर है और फटाफट जो कोई चिट्ठी देखी और बयान दे दिया. उन्होंने विपक्ष को समझाते हुए कहा कि पहले पढ़ तो लो सारी चिट्ठी कि उसमें क्या लिखा हुआ है, जबकि उसमें कंटिन्यू लिखा हुआ है नया कोई सरचार्ज नहीं लगाया गया”.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली से जुड़े मामले पर विज ने कहा, “मोहनलाल ने कहा है कि मैं निर्दोष हूं और जो गवाह थी उसने भी कहा कि मैं निर्दोष हूं और मुझे पूरा भरोसा है कि हिमाचल पुलिस की जांच में वे निर्दोष साबित होंगे, लेकिन जब तक हिमाचल की पुलिस उनको निर्दोष साबित नहीं कर देती तब तक पार्टी की पवित्रता को बनाए रखने के लिए उनको इस पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए”.
भ्रष्ट पटवारियों पर होगी कार्रवाई
भ्रष्ट पटवारियों के नाम जारी होने के मामले पर उन्होंने कहा कि “अगर उन्होंने कुछ किया है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. सरकार ने डाटा एकत्रित किया है और इसके लिए मैं सरकार को साधुवाद देता हूं कि सरकार ने इस डाटा को एकत्रित किया है”. उन्होंने पटवारियों से अपील करते हुए कहा कि लोगों के काम में ईमानदारी बरतें और भ्रष्टाचार से बचें.
