भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के धनाना गांव की बॉक्सर नीतू घनघस (Nitu Ghanghas) को राष्ट्रपति भवन में हुए सम्मान समारोह में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया. जब उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सौंपा गया, तो उनके गांव और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. ओलंपिक की तैयारी में जुटी नीतू की मां ने भावुक हो कर कहा कि उनकी सारी उम्र गोबर उठाने और घास लाने में बीत गई, लेकिन अब बेटी ने राष्ट्रपति भवन दिखा दिया.
माँ को समर्पित किया सम्मान
भारत के “मिनी क्यूबा” के नाम से ख्याति प्राप्त भिवानी की बेटी नीतू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने के बाद, अब अर्जुन अवार्ड पाकर अपने गांव, राज्य और देश का मान बढ़ाया है.
शुक्रवार को राष्ट्रपति से सम्मान लेने के बाद जब उन्होंने अपने गांव पहुंचकर यह पुरस्कार अपनी मां को समर्पित किया. नीतू कहती हैं कि उन्होंने 2012 में बॉक्सिंग की शुरुआत की थी. उस वक्त उन्हें न मेडल का पता था और न ही अवार्ड की कोई जानकारी थी, लेकिन 2022 में जब उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीते, तो अर्जुन अवार्ड की हकदार बन गईं. अब यह सम्मान उन्हें आगे होने वाले ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए प्रेरित करेगा.
President Droupadi Murmu confers Arjuna Award, 2024 on Ms. Nitu in recognition of her outstanding achievements in Boxing. Her achievements are:
• Gold medal in IBA Women’s World Boxing Championships (48 kg Wt. Category) held in Delhi, India in 2023.
• Gold medal in… pic.twitter.com/BK308eCQeM
— President of India (@rashtrapatibhvn) January 17, 2025
पूरे गांव को बेटी पर गर्व: जयभगवान
नीतू के पिता जयभगवान ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है. यह नीतू और उनके कोच जगदीश की मेहनत का परिणाम है. हमें पूरा भरोसा है कि नीतू ओलंपिक में भी देश के लिए मेडल लेकर आएगी. वहीं, घर और खेत तक सीमित रहने वाली नीतू की मां मुकेश इस उपलब्धि से बेहद भावुक हैं. उन्होंने कहा कि वह तो सारी उम्र खेतों से घास लाने व गोबर उठाने तक सीमित रहीं, लेकिन बेटी ने दिल्ली और दिल्ली में राष्ट्रपति भवन तक पहुंचा दिया. सभी को भगवान ऐसी बेटी दे.
