फरीदाबाद | उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ (Mahakumbh 2025) मेले के लिए हरियाणा सरकार द्वारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा भी महाकुंभ मेले के लिए विभिन्न जिलों से रोडवेज बसों का संचालन किया गया है. पलवल के बाद अब फरीदाबाद के बल्लभगढ़ डिपो से महाकुंभ मेले के लिए 2 बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है.
जानें शेड्यूल
बल्लभगढ़ रोडवेज डिपो के प्रबंधक लेखराज ने बताया कि दोनों बसें फरीदाबाद से सुबह साढ़े 8 और फिर 9 बजे रवाना होकर रात साढ़े 8 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. अगले दिन शाम 6 बजे वापस फरीदाबाद के लिए रवाना होगी. उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या और परमिट के आधार पर महाकुंभ मेले के लिए और बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है.
सीनियर सिटीजन के लिए छूट
जिला महाप्रबंधक लेखराज ने बताया कि महाकुंभ मेले को लेकर पिछले शुक्रवार से 2 बसों को प्रयागराज के लिए हरी झंडी दिखाई जा चुकी है. रोडवेज द्वारा प्रति व्यक्ति किराया 944 रूपए रखा गया है. वहीं, सीनियर सिटीजन को बस किराए में 50% छूट दी जा रही है. यानि उन्हें आधा किराया मात्र 472 रूपए ही देने होंगे.
परिवहन विभाग द्वारा महाकुंभ मेले के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है. लोगों का कहना है कि सीधी बस सेवा से सफर करना बेहद आसान हो जाता है. सरकार ने बहुत अच्छी पहल की है. बुजुर्गो के लिए किराए में 50% छूट देकर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है.
