रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले की एक बेटी ने वह कर दिखाया है, जो कई युवाओं के लिए महज एक सपना बनकर रह जाता है. सुलखा गांव की बेटी जिया ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा पास कर लेफ्टिनेंट बनने का गौरव हासिल किया है. उनके पिता मोहनलाल पेशे से एक ऑटो चालक हैं. बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े.
कड़ी मेहनत से मिली सफलता
अपनी सफलता पर उत्साहित जिया ने बताया कि 12वीं कक्षा के दौरान ही उन्होंने एनडीए में जाने का सपना देखा था. चार से पांच महीने की कड़ी मेहनत और कोचिंग के बल पर उन्होंने लिखित परीक्षा पास की और फिर सभी SSB क्वालीफाई कर यह उपलब्धि हासिल की.
जिया का कहना है कि उनके परिवार के सहयोग और पिता की मेहनत के कारण ही यह संभव हो पाया. उनकी बहन पारुल ने बताया कि जिया दिन-रात पढ़ाई में जुटी रहती थी और उसकी सफलता पूरे परिवार के लिए प्रेरणादायक है. पारुल का सपना है कि वह चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर अपने परिवार का नाम रोशन करें.
बेटियों को भी मिले समान अवसर: पूर्व सरपंच
जिया के दादा और गांव के पूर्व सरपंच होशियार सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव के ही सरकारी स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की, जिसके बाद छह महीने तक गुरुग्राम में कोचिंग ली. उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को भी बेटों की तरह समान अवसर दिए जाएं, तो वे भी परिवार, गांव और देश का नाम रोशन कर सकती हैं. जिया की सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है.
