रेवाड़ी | बिजली विभाग अपने उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. इसी कड़ी में अब जिले में बिजली आपूर्ति प्रणाली को और मजबूत करने के लिए पांच नए 33 केवी सबस्टेशन चालू किए जा रहे हैं. इनमें भांडोर, लिलोढ़, जखाला और सेक्टर- 18 शामिल हैं, जिनका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और अप्रैल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है. इसके अलावा, 33 केवी धवाना सबस्टेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है, जिसकी तकनीकी जांच के बाद इसी महीने इसे चालू कर दिया जाएगा.
पुराने सबस्टेशनों का भार होगा कम
इन नए सबस्टेशनों के शुरू होने से जिले में पुराने सबस्टेशनों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा. इससे बिजली आपूर्ति में रुकावटें कम होंगी और उपभोक्ताओं को बार- बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी. विभाग का लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम से पहले ही उपभोक्ताओं को इन नए सबस्टेशनों की सौगात दे दी जाए. गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने से कई बार सिस्टम ओवरलोड हो जाता है, जिससे बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न होती है.
डेढ़ सौ से ज्यादा गांवों को मिलेगा फायदा
बिजली विभाग की इस योजना से शहरी इलाकों के साथ- साथ 150 से ज्यादा गांवों को भी फायदा होगा. बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगम ने यह कदम उठाया है. विभाग द्वारा गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली सेवा देने के लिए इन नए सबस्टेशनों को जल्द से जल्द चालू करने की योजना बनाई गई है.
