रेवाड़ी | केंद्रीय रेल बजट में हरियाणा को बड़ी सौगात मिली है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025- 26 के आम बजट में हरियाणा में रेल परियोजनाओं के लिए 3,416 करोड़ रूपए की धनराशि आवंटित हुई है, जो पिछले बजट से 11 गुणा ज्यादा है.
उन्होंने बताया कि हरियाणा में नए रेल बजट के तहत, 34 रेलवे स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से अपग्रेड होंगे. इसके अलावा, कई रेलवे लाइनों का दोहरीकरण किया जाएगा.
अस्थल- बोहर- रेवाड़ी लाइन का होगा दोहरीकरण
केंद्रीय रेल बजट में अस्थल- बोहर- रेवाड़ी रेलवे लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई है. लगभग 13 साल पहले बनी झज्जर से गुजरने वाली रेलवे लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा. इस रेलवे लाइन के दोहरीकरण से यहां ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जगी है.
झज्जर रेलवे स्टेशन से चुनिंदा ट्रेनें ही गुजरती है और इनमें से भी अधिकांश ट्रेनें रात में गुजरती है, जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. अस्थल बोहर तक रेलवे लाइन दोहरी है, लेकिन उससे आगे रेवाड़ी तक सिंगल रेलवे लाइन है. अब इस रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए 752 करोड़ रूपए की धनराशि आवंटित की गईं हैं.
घोषणा हुई लेकिन बजट नहीं हुआ जारी
रेलवे की ओर से गुरुग्राम के फरुर्खनगर से झज्जर और झज्जर से चरखी दादरी होते हुए लोहारू तक रेल लाइन बिछाने की योजना की घोषणा हुई थी. रेल मंत्रालय ने इन दोनों नई रेल परियोजनाओं के लिए सर्वे को मंजूरी प्रदान की थी, लेकिन केंद्रीय रेल बजट में इनके लिए कोई घोषणा नहीं की गई है.
