सिरसा | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने सिरसा जिले के किसानों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जिले के गांव अबूबशहर में अनाज, किन्नू, फल एवं सब्जी की खरीद एवं बिक्री के लिए सब मार्केट यार्ड स्थापित करने को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. मार्केट स्थापित होने से जहां किसानों को फसल का उंचा भाव मिलेगा, तो वहीं खरीद करने वाले व्यापारियों को भी एक ही जगह पर अच्छी किस्म के फल खासकर किन्नू के मिलने का फायदा पहुंचेगा.
अबूबशहर में किन्नू का वैक्सिंग केंद्र व अनाज का खरीद केंद्र था और यहां पर तीस से ज्यादा व्यापारियों ने लाइसेंस लिए हुए हैं. ये लाइसेंस धारक गेहूं एवं धान की खरीद का कार्य करते हैं. यहीं पर बने वैक्सिंग केंद्र में साथ लगते इलाकों के किन्नू उत्पादक किसान अपनी किन्नू की उपज को वैक्स करवाने आते हैं.
मार्केटिंग बोर्ड के राजस्व में होगा इजाफा
बताया जा रहा है कि अबूबशहर में सब मार्केट यार्ड के स्थापित होने से जहां लाइसेंस धारकों की संख्या का आंकड़ा बढ़ेगा, तो वहीं दूसरी ओर मार्केटिंग बोर्ड को राजस्व में वृद्धि का लाभ मिलेगा. वर्ष 2023- 24 में अबूबशहर के खरीद केंद्र से राज्य सरकार को फीस के रूप में 1.37 करोड़ रुपए से अधिक की आमदनी हुई थी, जबकि चालू वित्त वर्ष में दिसंबर, 2024 तक लगभग 1.64 करोड़ रुपए का राजस्व हासिल किया जा चुका है.
किसानों को मिलेगा अच्छा भाव
अबूबशहर में सब मार्केट यार्ड के स्थापित होने से जहां किसानों को किन्नू की फसल का अच्छा भाव मिलेगा, तो वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को ताजा किन्नू खरीद कर आगे भेजना आसान हो जाएगा. इस यार्ड के स्थापित होने से आसपास के क्षेत्र में विकास रफ्तार पकड़ेगा. साथ ही, कई लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
