करनाल | हरियाणा की कर्ण नगरी करनाल से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि शहर के बीचोंबीच फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इस फ्लाईओवर के दूसरे चरण का काम शुरू होने पर प्रशासन ने वाहन चालकों की सुविधा का ख्याल रखते हुए नया रूट प्लान तैयार किया है.
नया ट्रैफिक प्लान तैयार
हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट ऑथोरिटी (HUDA) के एसडीओ सुभाष शर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य के तहत पहले चरण में 7 पिलरों की नींव रखने के काम को पूरा कर लिया गया है. अब दूसरे चरण पर काम शुरू होगा, जिसके लिए ट्रैफिक रूट बदला गया है और यहां ट्रैफिक वन-वे रहेगा.
उन्होंने बताया कि जो वाहन चालक जीटी रोड करनाल की ओर आएगे, वे कर्ण मार्केट से अंदर आएंगे और आगे बढ़ेंगे. इसी तरह बस स्टैंड से जीटी रोड जाने वाले वाहन चालक सब्जी मंडी के पास ट्रैफिक पुलिस चौकी से सब्जी मंडी के अंदर से घूमकर आगे जाएंगे.
122 करोड़ से तैयार होगा फ्लाईओवर
सुभाष शर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के दूसरे चरण में खेड़ा चौक से सब्जी मंडी चौक तक काम किया जाएगा. इसके निर्माण पर 122 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. करनाल विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा होने पर शहर की तस्वीर बदल जाएगी. लोगों को सालों पुरानी शहर के बीचोंबीच होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा.
