रोहतक | हरियाणा रोडवेज में काम कर रहें परिचालकों व इंस्पेक्टर के लिए एक बड़ी ख़ुशखबरी है. हरियाणा रोडवेज में 17 साल से परिचालकों व इंस्पेक्टर के पद पर तैनात कर्मचारियों की पदोन्नति का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. रोडवेज मुख्यालय की ओर से परिचालकों की पदोन्नति के लिए वर्ष 2008 से कार्यरत 1357 परिचालकों को वरिष्ठता सूची में सम्मिलित किया गया है.

वरिष्ठता सूची में शामिल कर्मचारियों में से ही सब इंस्पेक्टर बनाए जाएंगे. वहीं, 138 इंस्पेक्टर के पद पर तैनात कर्मचारियों को चीफ इंस्पेक्टर (CI) बनाया जाएगा. पिछले दिनों हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत परिचालकों की भर्ती करने के बाद इस पदोन्नति प्रकिया को तेज किया गया है.
मुख्यालय ने जारी की वरिष्ठता सूची
मुख्यालय की तरफ से चार साल बाद राज्य से करीब 1357 परिचालकों की पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची जारी की गई है. मुख्यालय की तरफ से कर्मचारियों की पदोन्नति करने के लिए वरिष्ठता सूची सभी जिलों के महाप्रबंधकों को भेजी जा चुकी है. इसमें शामिल परिचालकों पर किसी तरह का मामला लंबित होने पर विभाग से आपत्ति की मांग की गयी थी.
2021 में हुई थी अंतिम बार पदोन्नति
करीबन सभी डिपो से सूची की जांच कर विभाग के पास वापस भेज दिया गया है. अब कर्मचारियों को प्रमोशन का इंतजार है. हरियाणा रोडवेज में अंतिम बार 2021 में परिचालकों की पदोन्नति कर सब इंस्पेक्टर बनाया गया था.
जल्दी पूरी होगी प्रमोशन प्रोसेस
चीफ इंस्पेक्टर, रोडवेज, रोहतक डिपो कुलदीप का कहना है कि रोडवेज के परिचालकों व इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नति होनी है. इसके लिए हेड ऑफिस से सीनियोरिटी लिस्ट जारी हो गई है. सभी डिपो से इस लिस्ट की जांच कर डिपो महाप्रबंधकों ने वापस भेज दिया है. विभाग जल्द ही पदोन्नति की प्रकिया को पूरा करेगा.