पलवल | सब कुछ योजना अनुसार रहा तो होली से पहले हरियाणा वालों को सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिलने वाली है. दरअसल, होली से पहले अलीगढ़- पलवल नेशनल हाईवे का काम शुरू हो जाएगा. इसकी रूपरेखा भी तैयार हो चुकी है. इस परियोजना के तहत 72 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा.
1361 करोड रुपए की इस सड़क का निर्माण होने से अलीगढ़ से हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा. इसका जिम्मा CDS इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया.
NHAI करेगा 281 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण
इस परियोजना के तहत, 46 किलोमीटर की सड़क का निर्माण कार्य NHAI करवाएगी खेरेश्वर चौराहा से निर्माण कार्य शुरू होगा. इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को 281 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करना है, जिसमें से 100 हेक्टेयर भूमि पर अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है. वहीं, 700 किसानों में 100 करोड रुपए का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है. 280 किसानों के लिए 40 करोड रुपए आ चुके हैं और 1200 किसानों के मुआवजे के लिए सरकार को डिमांड भेज दी गई है.
इन परियोजनाओं पर भी होगा काम
दूसरी तरफ जट्टारी में भी 33 किलोमीटर बाईपास का निर्माण कार्य किया जाएगा. वह खैर के राजपुर गांव में टोल प्लाजा बनाया जाएगा. खैर से कांडला तक 10 किलोमीटर और जट्टारी से आगे लगभग 3 किलोमीटर 4 लेन सड़क बनाई जानी भी प्रस्तावित है. इस बारे में जानकारी देते हुए इंद्रजीत सिंह, पीडी, एनएचएआई ने बताया कि होली से पहले ही अलीगढ़- पलवल हाईवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इसके लिए प्रदेश की कार्यवाही संस्था को जिम्मा सौंप दिया गया है. किसानों को भूमि अधिग्रहण की एवज में 100 करोड़ मुआवजा वितरित किया जा चुका है और बाकी पर भी कार्रवाई चल रही है.
