गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR के शहरों के बीच ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड स्थित गांव ग्वाल पहाड़ी से लेकर दिल्ली के अंधेरियां मोड़ तक करीब 8.8 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर 305 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. मंजूरी मिलने के बाद इस कार्य को ढाई साल के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.
बेहतर होगी कनेक्टिविटी
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है. पीक आवर्स के दौरान दिल्ली की सीमा पर करीब 1 घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने बताया कि NCR प्लानिंग बोर्ड ने दिल्ली- गुरुग्राम के बीच ट्रैफिक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए हरियाणा और दिल्ली सरकार को योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे. दिल्ली के लोक निर्माण विभाग ने पिछले महीने हुई बैठक में इस योजना को रखा था. इसमें बताया गया कि वित्तीय और योजना विभाग की वित्तीय कमेटी के समक्ष इस योजना को प्रस्तुत किया गया है. यहां से मंजूरी प्रदान होने पर इस दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा.
वर्तमान में इस सड़क मार्ग की चौड़ाई 10 मीटर हैं, जिसे बढ़ाकर 60 मीटर करने की योजना बनाई गई है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर NH- 48 पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
नजफगढ़ रोड की बढ़ाई जाएगी चौड़ाई
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग ने नजफगढ़ रोड को भी चौड़ा करने की योजना बनाई है. 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने पर 103 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. यह सड़क मार्ग गुरुग्राम के ऊपरी द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ रहीं हैं, जिसकी चौड़ाई 60 मीटर है. दिल्ली के हिस्से में सड़क मार्ग की चौड़ाई को 10 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर करने की योजना बनाई गई है.
