गुरुग्राम- सोहना हाईवे से जुड़ी सड़कों का होगा विस्तार, 33.5 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर

गुरुग्राम | लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी बीएंडआर) ने गुरुग्राम- सोहना हाईवे (Gurugram- Sohna Highway) से जुड़ने वाली तीन सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की योजना तैयार की है. इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं, लेकिन आवंटन से पहले वन विभाग की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है. मंजूरी मिलने के बाद 9 महीनों के भीतर सड़कों के निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. इस परियोजना पर कुल अनुमानित खर्च करीब 33.5 करोड़ रुपये आएगा.

Road Sadak

भौंडसी जेल रोड

भौंडसी जेल रोड की वर्तमान चौड़ाई 5.5 मीटर है और इसकी लंबाई लगभग 10 किलोमीटर है. इस क्षेत्र में मारुति कुंज, श्याम कुंज जैसी कई कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं, जहां हजारों परिवार रह रहे हैं. सड़क की संकरी चौड़ाई के कारण स्थानीय निवासियों को यातायात में परेशानी हो रही है. इस समस्या को हल करने के लिए सड़क को 7 मीटर चौड़ा करने की योजना बनाई गई है. बता दें कि सड़क के दोनों ओर वन क्षेत्र स्थित है, इसलिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने वन विभाग से भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जिसपर अनुमानित लागत 13.34 करोड़ रुपये आएगी.

दमदमा रोड

दमदमा रोड की चौड़ाई बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है. सोहना विकास योजना के तहत, 24 और 60 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है, इसलिए कई लाइसेंसी रिहायशी सोसाइटी और कॉलोनियों के निवासियों का आवागमन इसी सड़क के माध्यम से होता है. अरावली होम्स जैसी सोसाइटियों में लगभग 1500 परिवार रह रहे हैं, जिससे इस रोड पर सुबह और शाम भारी यातायात रहता है. इस सड़क की चौड़ाई को 7 मीटर तक बढ़ाया जाएगा और इसके निर्माण कार्य पर लगभग 13.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

यह भी पढ़े -  द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, जानें क्या रहेगा रूट

हरचंदपुर- दौहला सड़क

गांव हरचंदपुर से गांव दौहला तक की सड़क की चौड़ाई भी 5.5 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जाएगी. इसपर 6.46 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है.

इन तीनों सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के लिए वन क्षेत्र के बदले पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने वन विभाग को 34 एकड़ भूमि देने की योजना बनाई है. इसके लिए आसपास के गांवों की पंचायतों से बातचीत कर भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है. अनुमान है कि अगले एक महीने के भीतर वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिल जाएगा, जिसके बाद टेंडर आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.