महेंद्रगढ़ | आज के जमाने में फिल्मी सितारों या क्रिकेटरों के फैन ज्यादा देखने को मिलते हैं, लेकिन कभी नेताओं के भी फैन हुआ करते थे. कुछ नेता आज भी अपवाद कहे जा सकते हैं, जिनमें से एक हैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi). हरियाणा के महेंद्रगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के एक जबरा फैन पिछले 11 सालों से लगातार झाड़ू लगा रहे हैं. वह प्रधानमंत्री से मिलने की आस में गांवों में नि:शुल्क सफाई कर रहे हैं. अब राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें प्रधानमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया है.
11 साल से कर रहे नि:शुल्क सफाई
बारड़ा गांव के 73 वर्षीय रामधन ने बताया कि साल 2014 से वह प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की उम्मीद में लगातार गांव- गांव सफाई अभियान चला रहे हैं. वह सिर्फ मोदी की एक झलक पाना चाहते हैं. जब तक वह उनसे मुलाकात नहीं कर लेते, तब तक यह अभियान जारी रखेंगे. 11 साल पहले जब प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार झाड़ू उठाई थी, तभी से वह उनके फैन हो गए थे. तब से लेकर अब तक वह लगभग 400 से अधिक गांवों में झाड़ू लगाकर सफाई कर चुके हैं.
पहली बार 1990 में हुई थी मुलाकात
रामधन ने बताया कि साल 1990 में उनकी पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात लोहारू में हुई थी, जब मोदी को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था. वह पीएम मोदी के गुजरात के गांव में भी कई बार सफाई कर चुके हैं, जहां उनके काम की काफी सराहना भी हुई, लेकिन वहां भी उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से नहीं हो पाई. रामधन ने महेंद्रगढ़- भिवानी सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, जेपी दलाल समेत कई नेताओं से प्रधानमंत्री से मिलवाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी यह इच्छा अब तक पूरी नहीं हुई. अब उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की अपील की है.
खुद के वाहन से करते हैं सफाई
रामधन बताते हैं कि उन्होंने करीब 45 साल तक ट्रक चलाया है. साल 2014 से उन्होंने गांव- गांव जाकर सफाई करने का बीड़ा उठाया. जब वह किसी गांव में सफाई के लिए जाते हैं, तो खुद का वाहन लेकर जाते हैं और किसी से कोई मदद नहीं लेते. अगर दूरी ज्यादा होती है, तो बस का इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भी उनका सफाई अभियान जारी रहेगा, बल्कि वह रोजाना 2 घंटे अतिरिक्त सफाई करने में लगाएंगे.
