नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- NCR में लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने और यात्रा को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बड़े स्तर पर राहत मिलेगी. इस इंटरचेंज से न केवल यात्रा करना आसान हो जाएगा, बल्कि दिल्ली- एनसीआर के साथ- साथ कई प्रमुख शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलेगा.
इन शहरों को मिलेगा लाभ
यमुना एक्सप्रेसवे को कुंडली- गाजियाबाद- पलवल (KGP) एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए इंटरचेंज का निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ चुका है. इस परियोजना के तहत, 11 किलोमीटर के दायरे में 8 इंटरचेंज लूप बनाए जाएंगे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से लेकर आगरा तक का सफर सुगम हो जाएगा.
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की टीम ने इंटरचेंज निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का निरीक्षण किया. जल्द ही, इसके निर्माण की प्रक्रिया को शुरू करने की योजना बनाई. इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस इंटरचेंज के निर्माण का दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, मथुरा और आगरा के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. इससे इन शहरों के बीच की दूरी तय करने में समय की बचत होगी और ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
270 करोड़ रूपए किए जाएंगे खर्च
NHAI द्वारा इस इंटरचेंज निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा. इस संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है. यमुना एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज का निर्माण कार्य पूरा होने पर वाहन चालकों को 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा. इस प्रोजेक्ट पर 270 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
