गुरुग्राम | होली पर्व पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही है. इसी कड़ी में दिल्ली से सटे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से हरिद्वार व गोरखपुर के लिए 2 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इन ट्रेनों का संचालन 10- 31 मार्च तक रहेगा. इन ट्रेनों के संचालित होने से होली पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को सहुलियत मिलेगी और उनका सफर आसान हो सकेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 05024, खातीपुरा (जयपुर)- गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 10 मार्च से 31 मार्च तक खातीपुरा से सोमवार को शाम 6:50 बजे रवाना होकर मंगलवार को दोपहर 2:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. जयपुर से गोरखपुर की तरफ जाने के दौरान यह ट्रेन रात साढ़े 10 बजे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर आगमन करेगी. वहीं, वापसी में गोरखपुर से ट्रेन नंबर 05023, रात सवा 9 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, सीतापुर सिटी, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर व बांदीकुई स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
हरिद्वार- साबरमती स्पेशल ट्रेन
वहीं, ट्रेन नंबर 09425/ 26, हरिद्वार-साबरमती द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 10- 31 मार्च तक हरिद्वार से शुक्रवार व सोमवार को रात 9 बजे रवाना होकर शनिवार व मंगलवार को सुबह 11 बजे जयपुर और रात 10:30 बजे साबरमती पहुंचेगी. हरिद्वार से आने के दौरान यह ट्रेन सुबह 04.45 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी, जबकि साबरमती की ओर से आने के दौरान यह ट्रेन सुबह 08.20 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाडा, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर व रुड़की स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
