चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिले, उपमंडल, तहसील और उप- तहसील बनने का इंतजार कर रहे प्रदेशवासियों (Haryana) का ये इंतजार और लंबा होने जा रहा है. बता दें कि गृह मंत्रालय की ओर से नए जिलों और उपमंडलों के गठन पर रोक लगा दी गई है. देशभर में 1 जुलाई से 2021 की जनगणना शुरू होगी.
विधानसभा में दी जानकारी
साल 2011 में हुई जनगणना के हिसाब से हरियाणा की कुल आबादी करीब 2 करोड़ 53 लाख थी. अब माना जा रहा है कि हरियाणा की आबादी 3 करोड़ के आसपास पहुंच गई है. हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस के दो विधायकों गीता भुक्कल और रघुबीर सिंह तेवतिया ने मातनहेल और पृथला को उपमंडल (सब- डिवीजन) बनाने की मांग की थी. इसपर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि जनगणना के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा.
कमेटी का हो चुका गठन
सूबे की नायब सैनी सरकार द्वारा प्रदेश में नए जिलों, उपमंडलों, तहसीलों और उप- तहसील बनाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है. विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी में बतौर सदस्य राजस्व एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल और संसदीय कार्य मामले मंत्री महिपाल सिंह ढांडा को जगह दी गई है. इस कमेटी की 3 बैठकें हो चुकी है. कमेटी जिलों से आई डिमांड की स्टडी के लिए संबंधित प्रशासन को निर्देश दे चुकी है.
