सिरसा | हरियाणा में निकाय चुनावों के परिणाम घोषित हो चुके हैं. इन चुनावों में BJP पार्टी का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है. 10 नगर निगमों में मेयर पद के लिए हुए सीधे चुनाव में बीजेपी ने 9 जगहों पर जीत का परचम लहराया है. इसके अलावा नगर परिषद और नगर पालिका अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में भी बीजेपी के अधिकतर उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है.
सिरसा में दिखा अजब- गजब नजारा
सिरसा नगरपरिषद के पहली बार हुए प्रत्यक्ष रूप से चेयरमैन के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जसविंद्र कौर की हार होने के बाद भाजपा से ज्यादा खुद कांग्रेसी खुश नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं, एक कांग्रेसी नेता के समर्थकों ने तो बाकायदा गोभी के पकौड़े बंटवाए हैं. कांग्रेसी समर्थक का कहना है कि पार्टी के सिरसा विधायक ने कांग्रेस पार्टी की गोभी खोदी है. इसलिए यह रोष स्वरूप पकौड़े कांग्रेसी प्रत्याशी की हार पर बांटे जा रहे हैं.
कांग्रेस नेता वीरभान मेहता के खास समर्थक वीरेंद्र गोल्डी ने शहर में स्पेशल हलवाई बैठाकर गोभी के पकौड़े बनवाए और लोगों को बांटे. गोल्डी ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने सभी पुराने कांग्रेसी नेताओं की अनदेखी करते हुए उन्हें गोभी खोद बताया था. विधायक ने पार्टी के नेताओं से किनारा किया और भाजपा सरकार के गुणगान किए. मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम में जाकर तारीफ की.
पूरी तरह से अलग- थलग पड़ी कांग्रेस
यही नतीजा रहा कि लोगों ने कांग्रेस की बजाए भाजपा को वोट दिए हैं. इसलिए यह पकौड़े विधायक की ओर से कांग्रेस की जो गोभी खोदी गई है, उसी गोभी के पकौड़े बनाकर लोगों को खिलाए जा रहे हैं. यहां बता दें कि इस चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया सहित अन्य ने हिस्सा ही नहीं लिया और नगरपरिषद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से अलग- थलग पड़ी नजर आई.
