रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. दक्षिण हरियाणा के कई इलाकों रेवाड़ी, गुरुग्राम, नारनौल आदि को उत्तराखंड के लिए नई ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है. उत्तर पश्चिम रेलवे उत्तराखंड के टनकपुर से अजमेर के दौराई के बीच यह ट्रेन सफर करेगी. यहां के लोगों को अब उत्तराखंड और यूपी के लिए सीधी रेलसेवा का लाभ मिलेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 15092, टनकपुर- दौराई (अजमेर) सप्ताह में चार दिन संचालित होगी. 30 मार्च से शुरू हो रही यह नई ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को टनकपुर से 18.20 बजे रवाना होकर अगले दिन 13.55 बजे दौराई पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 15091, दौराई (अजमेर)- टनकपुर सप्ताह में चार दिन संचालित होगी. 31 मार्च से यह ट्रेन दौराई से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, वीरवार और शनिवार को 16.05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 09.35 बजे टनकपुर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में खाटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, चंदौसी, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना, श्रीमाधोपुर, रिंग्स, फुलेरा, किशनगढ़ और अजमेर स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 1- 1 फर्स्ट व सैकंड एसी, 03 थर्ड एसी इकोनॉमी, 05 द्वितीय शयन यान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पावर- कार और 01 गार्ड डिब्बों सहित कुल 16 डिब्बे होगे.
