गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. गुरुग्राम मेट्रो सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने सिटी बस संचालन की 5वीं वर्षगांठ पर इन बसों में 8 सीटों को आरक्षित करने का फैसला लिया है. 36 सीटर इन बसों में चार सीटें महिलाओं के लिए और 2- 2 सीटें दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित की गई है. अभी तक इन बसों में इस सुविधा का लाभ नहीं मिलता था.

संचालित हो रही 150 बसें
GMCBL के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी के आदेश के बाद सिटी बसों में सीटें आरक्षित कर दी गई है. वर्तमान में गुरुग्राम शहर के 23 रूटों पर 150 सिटी बसों का संचालन हो रहा है. अभी तक किसी भी बस में सीटें आरक्षित की व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते महिलाओं, दिव्यांग या फिर बुजुर्गो को सफर के दौरान परेशानी झेलनी पड़ रही थी. उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ रहा था लेकिन अब इन लोगों के लिए सीटे आरक्षित होने पर सफर करना आसान हो जाएगा.
सबसे ज्यादा परेशानी मानेसर से गुरुग्राम के बीच आवागमन के दौरान होती है क्योंकि इस रुट पर सवारियों की संख्या अच्छी- खासी रहती है. इस संबंध में GMCBL के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है.
आसान हो जाएगा सफर
GMCBL के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी ने भी सिटी बसों का निरीक्षण किया था. उन्होंने भी इस परेशानी को अपने सामने देखा था, जिसके बाद उन्होंने आदेश जारी किया है कि सिटी बसों में 8 सीटों को आरक्षित किया जाए, ताकि महिलाएं और बुजुर्ग सीट पर बैठ कर आसानी से अपने सफर को पूरा कर सकें.