गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन (Metro Station) से राजेश पायलट चौक तक नया सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनाने की तैयारी चल रही है. इस परियोजना से इस रूट पर जाम से राहत मिलेगी. इसका प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा चुका है और इसे गोल्फ कोर्स रोड की तर्ज पर बनाया जाएगा. इस कॉरिडोर पर साइकिल और वॉकिंग ट्रैक भी विकसित किया जाएगा.
7 किमी लंबी होगी सड़क
इस कॉरिडोर की लंबाई 7 किलोमीटर होगी, जिससे शहर के प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी. लोगों के आवागमन में समय की बचत होगी. बता दें कि जाम की समस्या से छुटकारा पाने के लिए गोल्फ कोर्स रोड कॉरिडोर का विकास किया गया था, जहां अंडरपास, सर्विस लेन और चौड़ी सड़क बनाई गई थी. इससे ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम हुई थी. इसी तरह अब मिलेनियम सिटी मेट्रो से राजेश पायलट चौक के बीच सिग्नल फ्री सड़क बनाई जाएगी. इस मार्ग पर जगह- जगह अंडरपास बनाए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक सिग्नल की आवश्यकता न पड़े. इससे यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को बिना रुकावट के सफर का लाभ मिलेगा.
लोगों को मिलेगी यह सुविधा
इस कॉरिडोर के बनने से वाहनों की सिग्नल फ्री मूवमेंट सुनिश्चित होगी. अंडरपास और फ्लाईओवर बनने से वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे लोगों के आने- जाने में लगने वाला समय कम होगा और लंबे जाम से छुटकारा मिलेगा. सड़क के दोनों तरफ हरियाली, वॉकिंग ट्रैक और साइकिल ट्रैक भी विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा, ड्रेनेज सिस्टम और CCTV कैमरों की भी व्यवस्था की जाएगी.
