महेंद्रगढ़ | ‘जित दूध- दही का खाना- इसा म्हारा हरियाणा’ इस कहावत को हरियाणा के पशुपालक लगातार चरितार्थ कर रहे हैं. यहां के पशुपालक अच्छी नस्ल की गाय- भैंस पालकर अच्छी- खासी कमाई कर रहे हैं. इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ के नारनौल क्षेत्र के एक गांव में मुर्रा नस्ल की भैंस 5.11 लाख रूपए में बिकी हैं, जो चौतरफा चर्चा का विषय बनी हुई है.
25 लीटर देती है दूध
नारनौल के चिंडालिया गांव के पशुपालक विक्रम लांबा ने बताया कि यह भैंस तीसरी बार ब्याही हैं. उसने भैंस को उच्च गुणवत्ता वाला चारा और पोषक आहार दिया, जिससे उसकी दूध देने की क्षमता में जबरदस्त इजाफा हुआ. यह भैंस प्रतिदिन 25 लीटर दूध देती है. पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित दूग्ध प्रतियोगिताओं में उनकी भैंस कई बार ईनाम जीत चुकी है. नोएडा के अनिल यादव ने इस भैंस को 5.11 लाख की कीमत पर खरीदा है.
विक्रम लांबा ने बताया कि भरपूर मात्रा में दूध देने की वजह से ही इस भैंस ने अपनी अलग पहचान बनाई है. नोएडा के अनिल यादव ने तीन बार लगातार भैंस का दूध चेक किया और तीनों ही दिन भैंस ने सुबह- शाम का मिलाकर 25- 26 लीटर तक दूध दिया. इसी खासियत के चलते उन्होंने इतनी ऊंची कीमत पर भैंस को खरीदा है.
चोरी के डर से पड़ा बेचना
पशुपालक विक्रम ने बताया कि भैंस की अच्छा दूध देने की काबिलियत ने ही उसे इतना स्पेशल बना दिया. आसपास के क्षेत्र में भैंस की खूब चर्चा थी. इसलिए उसे भैंस के चोरी होने या कोई बीमारी होने का डर भी सताता रहता था. वह भैंस को बेचना तो नहीं चाहता था लेकिन इस डर में बेचना पड़ा. वहीं, इतनी ऊंची कीमत पर भैंस बिकने की खबर सुनकर विक्रम लांबा के घर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. हर कोई भैंस की खासियत के किस्से सुना रहा था.
