NCR के शहरों से UP का सफर होगा आसान, हरियाणा सरकार ने FNG एक्सप्रेसवे को दी मंजूरी

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इन दोनों शहरों को जोड़ने वाली फरीदाबाद- नोएडा- गाजियाबाद एक्सप्रेसवे (FNG) प्रोजेक्ट को हरियाणा सरकार ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. इस प्रोजेक्ट का नक्शा पास कर दिया गया है. जल्द ही, इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा. बजट पर चर्चा को लेकर बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने यह जानकारी दी है.

FNG

ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

फरीदाबाद से रोजाना हजारों की संख्या में लोग नौकरी व अन्य रोजमर्रा के कार्यों से नोएडा और गाजियाबाद के लिए आवागमन करते हैं. वर्तमान में फरीदाबाद- नोएडा के बीच यमुना नदी होने के चलते कोई सीधी सड़क नही है.

ऐसे में फरीदाबाद से नोएडा के बीच आवागमन के लिए सड़क मार्ग से दिल्ली कालिंदी कुंज से होकर जाना पड़ता है. आगरा नहर के साथ- साथ बनी इस सड़क पर पीक आवर्स में भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है और कुछ ही मिनटों का सफर तय करने में घंटों का समय लग जाता है. लोगों को इस सफर के दौरान खासी परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अब इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से लोगों को राहत पहुंचेगी.

नोएडा ऑथोरिटी ने तैयार की थी योजना

उत्तर प्रदेश की नोएडा ऑथोरिटी ने करीब 20 साल पहले FNG एक्सप्रेस-वे की योजना बनाई थी. इस प्रोजेक्ट का मकसद शहरों के बीच की दूरी को घटाकर उनके बीच सफर को आसान बनाना है. बहरहाल, UP सरकार ने अपने इलाके में इसके लिए सड़क निर्माण कार्य को लगभग पूरा कर लिया है, लेकिन हरियाणा सरकार की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया था. FNG एक्सप्रेसवे का 9 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में आता है, जबकि 4.7 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड नोएडा की तरफ बनेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.