कालका की बेटी महक गोयल ने पहले अटेम्प्ट में क्रैक किया CGL, संसदीय कार्य मंत्रालय में बनी ASO

पंचकुला | कहते हैं कि यदि किसी इंसान के मन में कुछ करने का जुनून हो और वह निरंतर प्रयासरत रहे, तो एक न एक दिन सफलता जरूर मिलती है. हरियाणा के कालका की 22 वर्षीय महक गोयल (Mehak Goel) इसका जीता- जागता उदाहरण हैं. महक ने एसएससी सीजीएल 2024 परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता के झंडे गाड़ दिए. अब उन्हें मिनिस्ट्री ऑफ पार्लियामेंट अफेयर्स (MOPA) में ASO की पोस्ट पर नौकरी मिली है. ऐसा करने वाली वह शहर की पहली प्रतिभागी बताई जा रही हैं.

WhatsApp Image 2025 03 22 at 12

महक ने हासिल की AIR- 80

महक गोयल के पिता मनोज गोयल, जो घग्गर क्षेत्र में गोयल ट्रेडर्स के मालिक हैं, अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं. महक ने CGL परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 80 प्राप्त की और MOPA में नौकरी पाने में सफल रहीं. उन्होंने बताया कि CGL प्री परीक्षा 11 सितंबर 2024 को हुई थी और मेन्स परीक्षा 20 जनवरी 2025 को आयोजित हुई. इस परीक्षा में महक ने ASO की प्रेफरेंस सबसे ऊपर भरी थी, जिसमें उन्हें सफलता मिली.

ग्रेजुएशन से ही शुरू की तैयारी

महक ने इस परीक्षा की तैयारी ग्रेजुएशन के फाइनल सेमेस्टर के दौरान ही शुरू कर दी थी. हालांकि, शुरुआती दौर में वे पढ़ाई को ज्यादा समय नहीं दे पा रही थीं. परीक्षा खत्म होने के बाद उन्होंने पूरी गंभीरता से मेहनत शुरू कर दी और एक रणनीति के तहत मॉक टेस्ट के जरिए अपनी तैयारी को मजबूत किया. उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने सीजीएल परीक्षा में सफलता प्राप्त की.

यह भी पढ़े -  HSSC ने जारी किया महिला पुलिस कांस्टेबल PMT शेड्यूल, 8 जून से शुरू होगी प्रक्रिया

तय रणनीति के तहत करें परीक्षा की तैयारी

महक बाकी एस्पिरेंट्स को प्रेरित करते हुए कहती हैं कि पढ़ाई के दौरान उतार- चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन हमें हार नहीं माननी चाहिए. हमें निरंतर अपनी पढ़ाई जारी रखनी चाहिए. इस दौरान कई परेशानियां आती हैं, लेकिन हमें इन सब बातों को भूलकर पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए. उन्होंने कहा कि एस्पिरेंट्स को एक तय रणनीति के तहत अपनी तैयारी करनी चाहिए. आने वाले समय में 2025 CGL परीक्षा का आयोजन होगा, इसलिए अभ्यर्थियों के पास तैयारी के लिए कम समय बचा है.

आईबीपीएस PO परीक्षा में मिली असफलता

महक बताती हैं कि उन्होंने इससे पहले आईबीपीएस PO की परीक्षा दी थी. उन्होंने इसकी प्री परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन मेंस परीक्षा में असफल रहीं. उन्होंने बीएससी (बायोटेक्नोलॉजी) की पढ़ाई 2024 में पूरी की. उसके बाद, CGL परीक्षा को अपना टारगेट बना लिया. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने पहले ही प्रयास में सीजीएल परीक्षा पास कर ली.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts