चंडीगढ़ | हरियाणा में जल्द ही शिक्षकों की कमी को पूरा किया जाएगा. शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार बेहद गंभीर है. सरकार द्वारा इस दिशा में काम भी किये जा रहे हैं. राज्य में 14295 राजकीय विद्यालयों को संचालित किया जा रहा है.
शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
मेवात काडर में पीआरटी के 1456 खाली पदों को भरने के लिए मांग पत्र हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को पहले ही भेजा जा चुका है. टीजीटी (विभिन्न विषयों) के 3427 पदों को भरने बारे हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को इंडेंट भेजा जा चुका है. इस बारे में जब कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से सवाल पूछा तो जवाब में शिक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी.
कालका में 262 राजकीय स्कूल संचालित
शक्ति रानी शर्मा ने कालका के स्कूलों में इन पदों के विरूद्ध वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों की संख्या को लेकर प्रश्न पूछा था. मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि कालका में कुल 262 राजकीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 3 संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, 03 पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व उच्च विद्यालय, 24 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, 8 उच्च विद्यालय, 50 माध्यमिक विद्यालय, 22 संस्कृति प्राथमिक विद्यालय और 152 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं.
HPSC को भेजा गया मांग पत्र
इन सभी स्कूलों में पीजीटी के 456, टीजीटी के 536 और पीआरटी व जेबीटी के 458 स्वीकृत पद हैं. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पीजीटी (विभिन्न विषयों) के 4780 पदों को भरने बारे मांग- पत्र हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) को भेजा गया था, जिसके विरुद्ध 1704 पदों को भरने बारे सिफारिशें विभाग में मिल चुकी हैं.
जल्द पूरी होगी प्रमोशन प्रक्रिया
जल्दी- से- जल्दी इन चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे. विभाग की तरफ से पीजीटी (विभिन्न विषयों) पदोन्नति कोटे के 4550 खाली पदों को भरने बारे पदोन्नति मामले आमंत्रित किए गए हैं, जिसमें से कुल 3371 शिक्षकों के मामले मिल चुके हैं. जितनी जल्दी हो सके प्रमोशन प्रक्रिया कों पूरा कर लिया जाएगा.
