गुरुग्राम | केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम लोकसभा सीट से BJP सांसद राव इंद्रजीत सिंह सोमवार को बहोड़ा कलां गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने 1.78 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इस दौरान उनके साथ पटौदी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रही.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ
केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गत 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यवस्था परिवर्तन का जो दौर शुरू हुआ था, वह अगले 5 साल भी इसी रफ्तार से जारी रहेगा. केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकार पंक्ति के आखिरी व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है. इसलिए प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार को लोगों ने चुना है. हमारी सरकार की नीतियों से आज हर वर्ग संतुष्ट हैं.
राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि गुरुग्राम- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर बिलासपुर में फ्लाईओवर का जो निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, उसे अगले कुछ दिनों में नए ठेकेदार की नियुक्ति कर फिर से शुरू किया जाएगा. इसके लिए NHAI के अधिकारियों से बात हो चुकी है. जल्द ही, बिलासपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को राहत दी जाएगी.
आज बोहड़ा कलां गाँव में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ कर जनसभा को संबोधित किया l pic.twitter.com/WYOPGNtvOn
— Rao Inderjit Singh (@Rao_InderjitS) March 31, 2025
इन कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास
- शहीद ऋषिपाल सिंह के स्मारक की ग्रिल
- पट्टी चैनपुरा से ढाणी मुसेपुर तक का रास्ता
- एमजीजीबीवाई कालोनी की फिरनी
- एमजीजीबीवाई तुला की ढाणी तक रास्ता
- शहीद अब्बू सिंह के स्मारक की चार दीवारी
- ऋषिपाल स्कूल से सीएचसी अस्पताल तक का रास्ता
- राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण कार्य
- सॉलिड कचरा ट्रीटमेंट प्लांट
- ढाणी नान्धावाली में रास्ते का निर्माण
- पट्टी अमर सिंह में बगीची बाला जोहड़ रास्ता
- श्मशान की चार दीवारी, रास्ता व टाईल
- पट्टी चामा में ऋषिपाल स्कूल का रास्ता
- सार्वजनिक रास्तों का निर्माण
विकास कार्यों के लिए दिए 20 लाख रूपए
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गरीब एवं वंचित वर्ग को समाज की मुख्य धारा में शामिल करना और उनको तमाम मूलभूत सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध कराना हमारी सरकार का सबसे बड़ा उद्देश्य है. इस दौरान उन्होंने और विधायक बिमला चौधरी ने गांव बहौड़ा कलां में विकास कार्यों के लिए 10- 10 लाख रूपए की धनराशि देने की घोषणा भी की.
