महेंद्रगढ़ | हरियाणा प्रदेश को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत एक साइकिल रैली (Cycle Raili) निकाली जा रही है. साइक्लोथॉन 2.0 रैली 7 अप्रैल को महेन्द्रगढ़ जिले में पहुंचेगी, जिसको देखते हुए 7 और 8 अप्रैल को जिले की विभिन्न सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है.
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
नशे के खिलाफ चलाई जा रही साईकिल रैली को देखते हुए आमजन को यातायात संबंधित परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि प्रशासन और जिला पुलिस द्वारा साइकिल रैली के लिए प्रस्तावित किए गए रूटों पर सफर करने से बचें. विकल्प सड़क मार्गों का इस्तेमाल करते हुए अपने सफर को पूरा करें.
यहां रहेगा रूट डायवर्ट
7 अप्रैल को बाघोत से सेहलंग की तरफ जाने वाले रास्ते पर सभी वाहनों की एंट्री पर पूर्णतः रोक रहेगी. सेहलंग से होते हुए मालडा, माजरा खुर्द से होते हुए महेंद्रगढ़ जाने वाले रास्ते पर भी सभी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है. सुबह 8 बजे के बाद से शाम 4 बजे तक इन रास्तों पर सभी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. 7 अप्रैल को इन रास्तों का प्रयोग करने से बचे और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचें.
7 अप्रैल को शाम के समय महेंद्रगढ़ से नारनौल जाने वाले सड़क मार्ग पर एक तरफ की लाइन बंद रहेगी. 8 अप्रैल को नारनौल से रेवाड़ी NH- 11 पर जाने वाले रास्ते पर एक तरफ की सर्विस लाइन बंद रहेगी. इन रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है. 7 अप्रैल और 8 अप्रैल को इन मार्गों का प्रयोग ना करें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें.
रेवाड़ी व चरखी दादरी पुलिस से इस संबंध में अलग से पत्राचार किया गया है कि 7 अप्रैल और 8 अप्रैल को भारी वाहनों को इन सड़क मार्गों की तरफ नहीं आने दिया जाए.
